दादरी के रावलधी-भिवानी लिंक रोड बाईपास पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम को एक बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई थी। इस हादसे में एक युवक की शुक्रवार शाम को ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भिवानी जिले के गांव कितलाना निवासी सागर व प्रमोद के रूप में हुई है। ये दोनों चचेरे भाई थी। बता दें कि गांव कितलाना निवासी सागर और उसका चचेरा भाई प्रमोद पीवीसी शीट लगाने का काम करते थे। शुक्रवार को वे दोनों दादरी में काम देखने के बाद बाइक पर सवार होकर वापिस आने गांव कितलाना जा रहे थे। इस दौरान जब वे दादरी के रावलधी-भिवानी लिंक रोड बाईपास पर रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आरओबी की दीवार से टकरा गई। टक्कर लगते ही वे दोनों आरओबी से नीचे जमीन पर गिर गए। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने सागर को मृत घोषित कर दिया था और प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। शनिवार को पीजीआई में उपचाराधीन प्रमोद ने भी दम तोड़ दिया।