नेशनल हाईवे 148बी पर दादरी जिले के गांव पैंतावास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात एक स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार एक युवक की मौत हो गई और चार युवक घायल हो गए। मृतक की पहचान भिवानी की बालाजी कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय अमरदीप के रूप में हुई है। वहीं घायल भी भिवानी की बालाजी कॉलोनी के रहने वाले हैं। शव का पोस्टमार्टम रविवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में करवाया गया। जानकारी के अनुसार भिवानी की बालाजी कॉलोनी निवासी सन्नी, राहुल, मोनू, सुमित व अमरदीप अपने किसी परिचित की शादी में शामिल होने के लिए दिनोद गए थे। वहां से वे बरात में शामिल होकर दादरी जिले के गांव रामनगर में आ रहे थे। रास्ते में गांव पैंतावास फ्लाईओवर पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में घायल पांचों युवकों को उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने अमरदीप को मृत घोषित कर दिया। दादरी सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई दीपक के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया।