ट्रैफिक रूल्स एंड रोड सेफ्टी फेडरेशन की ओर से मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करना और नियमों की पालना को उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने किया। अभियान की शुरुआत करते हुए उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने लघु सचिवालय में मौजूद विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने न केवल यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डाला, बल्कि अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बच्चों को प्रेरित भी किया। डॉ. नागपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे देश का भविष्य हैं और सड़क पर चलते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना उनकी अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी है। साथ ही यह एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान भी है। एसपी अर्श वर्मा ने किया मार्गदर्शन डीसी से मुलाकात के बाद विद्यार्थियों और फेडरेशन के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। एसपी अर्श वर्मा ने बच्चों के साथ चर्चा की और उन्हें सड़क सुरक्षा के तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और गति सीमा का पालन करना कोई कानूनी मजबूरी नहीं, बल्कि जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। लघु सचिवालय में चस्पा किए जागरूकता पोस्टर अभियान के दौरान फेडरेशन के सदस्यों और विद्यार्थियों ने लघु सचिवालय परिसर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर यातायात नियमों से संबंधित पोस्टर चस्पा किए। इन पोस्टरों के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, नशे में गाड़ी न चलाना और ट्रैफिक सिग्नल के पालन जैसे संदेशों को प्रदर्शित किया गया, ताकि सचिवालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की नजर इन पर पड़े और वे जागरूक हों।