दादरी में दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने सोमवार को पटवारखाना में बैठक की और सीटीएम को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने सरकार से पटवारियों पर लगाए गए आरोप निरस्त करने की मांग की है। सोमवार दोपहर को सभी पटवारी एकत्र और आपसी विचार विमर्श कर ज्ञापन तैयार किया। इसके बाद उन्होंने लघु सचिवालय पहुंकर सीटीएम आशीष सांगवान को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार से पटवारियों पर लगाए गए आरोप वापस लेने की मांग की। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को बिना किसी विभागीय जांच के केवल सीआईडी रिपोर्ट के आधार पर पटवारियों को भ्रष्ट करार दे दिया। इसके अनुसार ही पटवारियों को भ्रष्ट बनाने का कार्य किया जा रहा है। यह उनके प्राकृतिक व संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है। सभी पटवारियों व कानूनगो को सरकार के आरोपों से मानसिक प्रताड़ना सहन करनी पड़ रही है। इसलिए सरकार को विभाग व विभागीय कर्मचारियों के सम्मान के प्रति जिम्मेदारी दिखाकर आरोपों को निरस्त करना चाहिए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक इस विषय का समाधान नहीं होता है तब तक पटवारी व कानूनगो अपने मूल हल्के के अलावा किसी अन्य हल्के का कार्य नही करेंगे।