दादरी के रेलवे स्टेशन पर यात्री अपनी जान जोखिम में डाल कर रेलवे ट्रैक से होते हुए एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जा रहे हैं। इनमें अधिकांश यात्री तो ऐसे हैं जो पहले से ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ियों के नीचे से होकर गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी समय यहां बड़ा हादसा हो सकता है। बता दें कि रेलवे लाइनों के दोहरीकरण के साथ-साथ सवारी गाड़ियों की संख्या बढ़ने पर दादरी के रेलवे स्टेशन पर एक और नए प्लेटफार्म का निर्माण करवाया गया है। हालांकि एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे की ओर से फुटओवर ब्रिज भी बनवाया गया है लेकिन एफओबी की लंबाई अधिक होने के कारण अधिकांश यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पर खड़ी ट्रेनों के नीचे से गुजर रहे हैं। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। बता दें कि दादरी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन 32 से अधिक यात्री ट्रेनों का ठहराव होता है। इन ट्रेनों में यहां से हर रोज हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं।