दादरी के लघु सचिवालय में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने की। उपायुक्त ने अधिकारियों को कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग प्रभावी एवं ठोस कदम उठाएं तथा सभी व्यवस्थाओं की समयबद्ध पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों व अन्य मुख्य सड़कों पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद करने, हाईवे पर अवैध रूप से संचालित ढाबों को हटाने तथा सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साथ ही स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा से गुजर रहे नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर बने सभी अवैध कटों को बंद करवाया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों व मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती है, इसलिए ऐसे वाहनों के अधिक से अधिक चालान किए जाएं। नाटक के माध्यम से किया जागरूक इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी फोगाट के विद्यार्थियों ने लघु सचिवालय परिसर में एक नाटक के माध्यम से जागरूक किया। बच्चों ने हेल्मेट पहनने बारे, एम्बुलेंस को रास्ता देने बारे नाटक का मंचन किया। उन्होंने संदेश दिया कि हमें एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। सीट बेल्ट लगाने पर भी नाटक के माध्यम से जागरूक किया गया। इसके साथ ही नशा करके वाहन न चलाने को लेकर भी जागरूक किया गया।