दादरी नगर परिषद द्वारा बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी लाव लश्कर के साथ स्थानीय कॉलेज रोड के पास सरकारी जमीन पर बनीं झुग्गी-झोपड़ियों को हटवाया। मंगलवार को जहां नगर परिषद की ओर से झुग्गी-झोपड़ियों को ढहाया गया था, वहीं बुधवार को सामान हटवाने के साथ-साथ जगह को समतल किया गया। बता दें कि स्थानीय कॉलेज रोड पर नगर परिषद की ओर से ग्रीन ग्रीन बेल्ट विकसित की जानी हैं। इसके लिए इस जगह को खाली करवाना जरूरी था। अभी तक सरकारी जमीन पर बनीं झुग्गी-झोपड़ियां न हटने के कारण ग्रीन बेल्ट का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। बुधवार को चलाए गए अभियान के साथ ही नगर परिषद ने एजेंसी को ग्रीन बेल्ट विकसित करने से संबंधित कार्य आदेश भी जारी कर दिए हैं। ऐसे में अब जल्द ही एजेंसी की ओर से भी यहां काम शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार को की गई कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर पंचायतीराज विभाग के एसडीओ मनोज कुमार तैनात रहे। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों व पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।