शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते लोक निर्माण विभाग ने वाहनों का आवागमन बंद करवाया हुआ है। वाहनों का आवागमन बंद करने के लिए विभाग केवल बोर्ड लगाने और प्रशासन को पत्र लिखने तक सीमित रह गया है। ऐसे में यहां से गुजर रहे दुपहिया व ई-रिक्शा चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। चंपापुरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने प्रशासन से अस्थाई सड़क या सर्विस रोड का निर्माण करवाने की मांग की हैं, ताकि आए दिनों होने वाले हादसों को रोका जा सके। बता दें कि यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा स्थानीय रोहतक रोड रेलवे क्रॉसिंग पर फोरलेन आरओबी का निर्माण करवाया जा रहा है। पिछले वर्ष अप्रैल माह में यह काम शुरू हो गया था। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद संबंधित विभाग ने कार्य के दौरान वाहनों का आवागमन बंद करवाने के लिए जिला उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक, आरटीए व रोडवेज महाप्रबंधक को पत्र लिखा था। वहीं लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य स्थल पर बोर्ड पर वाहनों का आवागमन बंद लिखवा अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया। उसके बावजूद यहां से छोटे व भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। जिससे कार्य के दौरान सड़क के बीच गहरे गड्ढे व जलभराव और मिट्टी से फिसलन बनी हुई हैं। सड़क के बीच आए दिनों दुपहिया वाहन व ई-रिक्शा चालक सवारियों सहित गिर कर घायल हो रहे हैं।