चरखी दादरी। अनाज मंडी में बाजरा खरीद शुरू होने के तीसरे दिन शनिवार को उपज बेचने पहुंचे किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। मंडी में अचानक बढ़ी आवक के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पास खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। किसानों का कहना है कि बाजरे की सरकारी खरीद सितंबर माह से ही शुरू कर दी जानी चाहिए, ताकि किसान खेतों से फसल निकालने के तुरंत बाद उसे मंडी में बिक्री के लिए ला सकें। खरीद में देरी होने के कारण एक साथ बड़ी संख्या में किसान मंडी पहुंच रहे हैं, जिससे मंडी में जाम जैसी स्थिति बन रही है। किसानों ने कहा कि यदि सरकारी खरीद समय पर शुरू हो तो मंडी में आवक भी चरणबद्ध तरीके से हो सकती है और उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि मंडी में खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए और किसानों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि उन्हें गर्मी में परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही आगामी सीजन में सरकारी खरीद निर्धारित समय से शुरू करने की व्यवस्था की जाए।