पंजाब में मानसून के इंतजार के बीच गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। बुधवार को तापमान में 0.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। पारा सामान्य के नजदीक बना हुआ है। पंजाब में 41.6 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा। पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। इससे भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए भी पंजाब में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पंजाब में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश की संभावना है। इसके बाद पंजाब में 27 व 28 जून को मौसम शुष्क बना रहेगा। पंजाब में 29 व 30 जून को प्री मानसून की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के मुताबिक जुलाई के पहले सप्ताह में पंजाब में मानसून प्रवेश कर सकता है। बुधवार को रूपनगर में 30.5 एमएम, पठानकोट में 1.0 एमएम व पटियाला में 0.6 एमएम की बारिश दर्ज की गई।