हांसी- भिवानी रेलवे लाइन के अंडर पास में जमा पानी के समाधान की मांग को लेकर चार गांवों के ग्रामीणों में रोष हैं। किसानों ने विरोधास्वरूप तहसीलदार के कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया और तहसीलदार के माध्यम से रेलमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस मामले लेकर रेल विभाग के आलावा अधिकारियों, सांसद, उपायुक्त को मांगपत्र सौंपे गए है। गांव जाटू लोहारी, सूई, बलियाली व सुमड़ा खेड़ा के लोग सुबह तहसील कार्यालय पहुंचे और अंडर पास में जमा पानी के समाधान की मांग को लेकर पूर्व पंच राजेंद्र की अध्यक्षता में धरने पर बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि हांसी-भिवानी रेलवे फाटक संख्या सी 60 व सी 62 की जगह अंडर पास बने हुए है। इन अंडरपासों में भूमिगत चार से पांच फुट तक पानी जमा है। इस पानी को निकाल दिया जाता है तो फिर से जमीन से अपने आप पानी फूट कर जमा हो जाता है। जिस वजह से सी 60 अंडर से पास से करीब तीन सौ किसानों के खेतों में आना जाना बंद हो गया है।