तिगड़ाना जिला मुख्यालय से मात्र सात किलोमीटर दूर गांव तिगड़ाना में खुद का कोई पावर सब स्टेशन नहीं है। बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बड़सी में बने 33 केवी पावर सब स्टेशन से गांव की बिजली आपूर्ति जुड़ी है। लंबी लाइन होने की वजह से कोई ना कोई फाल्ट या खराबी आती है तो पूरा गांव ही अंधेरे में डूब जाता है। गांव में नया पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत भी पंचायती भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दे चुकी है, बावजूद इसके अभी तक खुद के पावर सब स्टेशन का सपना पूरा नहीं हुआ है। गांव में बिजली कर्मचारियों की स्थिति को लेकर भी निगम अधिकारियों से विधायक तक गुहार लगाई जा चुकी है। मगर अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। गांव तिगड़ाना करीब 20 हजार से अधिक आबादी और तिगड़ी और तिगड़ाना में बंटा है। इन दोनों ही गांव में करीब 2600 से अधिक घर बने हैं, जहां बिजली कनेक्शन तो मिला है, मगर पर्याप्त बिजली का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है।