भिवानी में गांव दिनोद में घर के अंदर मानसिक रूप से परेशान सरकारी स्कूल के टीचर का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक शिक्षक के बेटे के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। सदर पुलिस को दिए बयान में गांव दिनोद निवासी गौत्तम ने बताया कि वे दो भाई बहन है। उसकी एक बहन है। उसकी मांता गांव मानहेरू में बतौर स्टाफ नर्स तैनात है। उसका पिता 48 वर्षीय सज्जन सिरसा में सरकारी स्कूल में प्राथमिक अध्यापक के तौर पर काम करता था। पिछले करीब दो माह से उसका पिता मानसिक रूप से परेशान था और घर पर ही छुट्टी लेकर रहता था। शुक्रवार दोपहर को उसका पिता अपने कमरे में सो रहा था। शाम करीब सवा सात बजे जब वह पिता के कमरे में पहुंचे तो अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर उसका पिता पंखे पर फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि गौत्तम के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है।