संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा उपमंडल कार्यालय लोहारू में जारी अनिश्चितकालीन महापड़ाव के 200वें दिन आयोजित धरने को संबोधित करते हुए सीटू नेता सुखबीर सिंह ने कहा कि 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में संयुक्त किसान मोर्चा पूरी मजबूती के साथ भाग लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चार नए श्रम कानून लागू कर मजदूरों से 12 घंटे काम कराकर उनका शोषण करना चाहती है और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल का अधिकार मजदूरों ने वर्ष 1926 में अंग्रेजों से संघर्ष कर हासिल किया था, जिसे वर्तमान सरकार छीनने का प्रयास कर रही है। सुखबीर सिंह ने कहा कि देश में मात्र 56 हजार लोगों के पास कुल संपत्ति का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा केंद्रित है, जबकि शेष 140 करोड़ जनता आर्थिक तंगी से जूझ रही है। धरने को संबोधित करते हुए मास्टर शेर सिंह ने कहा कि प्रस्तावित बीज कानून 2025 किसानों को बीज कंपनियों पर निर्भर बना देगा। इस कानून के तहत किसान स्वयं बीज तैयार नहीं कर पाएगा, जिससे खेती की लागत और बढ़ेगी।