12वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को जन न्याय मोर्चा के पदाधिकारी सड़कों पर उतरे और रोष प्रदर्शन करते हुए जेबी गुप्ता अस्पताल मोड़ के सामने पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका। जनसंगठन पदाधिकारियों ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के 21 दिन बाद भी आरोपी सब इंस्पेक्टर की पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर रही है न ही उसे ड्यूटी से हटाया गया है। वहीं, जनसंगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन इसके बाद भी नहीं जागा तो 17 मार्च से पीड़ित लड़की की मां और चाची लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चित कालीन अनशन पर बैठेगी। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने भी पीड़ित के पक्ष में लघु सचिवालय के बाहर चल रहा जन न्याय मोर्चा के धरने को समर्थन दिया। पुतला दहन में जन न्याय मोर्चा के सुखदेव सिंह, करतार सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं महिलाएं मौजूद रही।