भिवानी। प्रदेशभर में जारी सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने अब राजनीतिक रुख कर लिया है। भिवानी शहर में चारों ओर लगे कूड़े के ढेर और चरमराती सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी की अगुवाई में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने शहर में जमा कचरे के ढेरों पर बीजेपी के झंडे लगाकर सरकार की कार्यशैली पर रोष जताया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान शहर की बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सफाई कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो पार्टी कचरे से भरी ट्रॉलियां जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के आवासों के बाहर खाली करने को मजबूर होगी। इस मौके पर कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि आज पूरी भिवानी कचरे के ढेरों से अट चुकी है और शहरवासियों पर बीमारियों का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। हमारे प्रदर्शन का उद्देश्य किसी प्रतीक का अनादर करना नहीं, बल्कि सोई हुई भाजपा सरकार को उसकी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अहसास कराना है। राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी आमजन को गंदगी और बदबू के साए में जीने के लिए छोड़ दिया गया है।