पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने पीएम मोदी द्वारा महंगाई से लड़ने की अपील का देश को सुरक्षित रखने के लिए समर्थन किया। साथ ही, राहुल गांधी और पंजाब सरकार को निशाने पर लेते हुए हरियाणा में कानून व्यवस्था को बेहतर बताया। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी में अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक ली। लोगों की समस्याएं सुनी और फिर मीडिया से बातचीत में कहा कि इरान-अमेरिका युद्ध से पूरी दुनिया प्रभावित हुई है और ये युद्ध लंबा चला, जिससे महंगाई का असर होना स्वभाविक है। जेपी दलाल ने कहा कि मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता है, वो जब भी बोलते हैं तो लोग उनको सुनते हैं और उनकी बात मानते हैं। वहीं, राहुल गांधी द्वारा हर बार जीत के बाद भाजपा सरकार द्वारा महंगाई का बम फोड़ने पर जेपी दलाल ने कहा कि महंगाई के वैश्विक कारण हमारे हाथ में नहीं, पर लोग राहुल को गंभीरता से ना लेकर मोदी पर विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने पंजाब का भट्ठा बैठा दिया, पंजाब में अपराध चरम पर है। अब पंजाब के लोग मोदी पर विश्वास कर वहां भाजपा की सरकार बनाएंगे। दूसरे प्रदेशों से हरियाणा में कानून व्यवस्था बेहतर है।