सीआईए प्रथम ने रोहित हत्या के मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आकाश गांव तिगड़ाना जिला भिवानी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गांव हिमायूपुर जिला रोहतक निवासी सरोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र रोहित 27 नवंबर को अपने दोस्त जतिन निवासी बौंद कला जिला चरखी दादरी के साथ एक शादी समारोह में गांव रेवाड़ी खेड़ा जिला भिवानी में कन्यादान डालने गया था। रात्रि करीब 10 बजे बारात में आए कुछ व्यक्तियों द्वारा महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी किए जाने पर रोहित द्वारा विरोध किया गया, जिस पर कहासुनी व झगड़ा हो गया। इसके पश्चात जब रोहित अपने दोस्त जतिन के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर रात्रि करीब 11 बजे घर लौट रहे थे, तो रेवाड़ी खेड़ा से बामला रोड रेलवे फाटक के पास बारात में आए व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने रोहित के सिर व शरीर पर जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाईं। उपचार के दौरान रोहित की मृत्यु हो गई। रविवार को सीआइए प्रथम के जांच अधिकारी बलजीत ने पांचवें आरोपी को तिगड़ाना से गिरफ्तार किया है।