मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी की जिला कमेटी ने एक स्वतंत्र व संप्रभु देश वेनेजुएला पर एक तरफा तौर पर अमेरिकी हमले तथा वहां के स्वतंत्र रूप से जनता द्वारा चुने हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को शनिवार रात को उनके बैडरूम से अमेरिकी सैनिकों द्वारा जबरदस्ती घसीट कर उठाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। रविवार को भिवानी में प्रदर्शन करके विरोध स्वरूप अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका। पार्टी ने सभी शांति प्रिय देशों व संयुक्त राष्ट्र संघ से अपील की है कि तुरंत अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमला बंद करवाए तथा वेनेजुएला के राष्ट्रपति व उनकी पत्नी को तुरंत रिहा करवाया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी जिला कमेटी सदस्य संतोष देशवाल ने की। माकपा जिला कमेटी सचिव कामरेड ओमप्रकाश व जिला सचिव मंडल सदस्य कामरेड अनिल कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी वेनेजुएला में अलग-अलग जगहों पर बमबारी करने वाले खुल्लमखुल्ला अमरीकी हमले की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से अमेरीका ने शासन बदलने के लिए वेनेजुएला के चारों ओर अपनी थल सेना और नौ सेना को इकट्ठा किया है। यह अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2025 का असली चेहरा है, जिसे दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में घोषित किया गया था। पश्चिमी गोलार्ध में अमरीकी सेना का जमावड़ा और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लाने के इरादे का खुला ऐलान, ट्रंप के मोनरो डॉक्ट्रिन का नतीजा है। माकपा अमरीका के हमले को तुरंत समाप्त करने और कैरेबियन सागर से अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को आम जनता तक ले जाएगी तथा अमेरिका के कथित मानवाधिकारों व लोकतंत्र के ढोंग को बेनकाब करेगी। कार्यक्रम में पार्टी सचिव मंडल सदस्य कामरेड अनिल कुमार, जिला कमेटी सदस्य रामफल देशवाल, संतोष देशवाल, पार्टी एरिया कमेटी सदस्य सज्जन कुमार सिंगला, चन्द्रभान नाहलिया, अरविंद भारद्वाज शामिल रहे।