44 डिग्री तापमान की तपिश में बिजली पावर सब स्टेशनों के ट्रांसफार्मर भी हांफने लगे हैं। जिन्हें कूलरों के सहारे ठंडक दी जा रही है। इन बिजली ट्रांसफार्मरों को 70 डिग्री तापमान तक बचाने के लिए कूलरों से कूल किया जा रहा है। शहर के पुराना 132 केवी पावर हाउस में लगे भीमकाय ट्रांसफार्मरों पर कूलर लगाए गए हैं, ताकि ट्रांसफार्मरों में आग लगने व ओवर हिटिंग से बचाया जा सके। बढ़ते तापमान के बीच एक तरफ जहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है वहीं दूसरी तरफ बिजली की खपत भी डेढ़ गुना तक बढ़ गई है। दस दिन पहले तक जहां सवा लाख यूनिट में शहर का काम चल रहा था वहीं अब ये आंकड़ा पौने दो लाख यूनिट प्रतिदिन खपत पार कर चुका है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने अधिक गर्मी का अनुमान जताया है, जिसके चलते बिजली निगम दो लाख यूनिट प्रतिदिन खपत का अनुमान भी लेकर चल रहा है। उसी के हिसाब से बिजली उपकरणों को बचाने के उपाय भी निगम प्रबंधन ने शुरू कर दिए हैं। जिले में मौसम दिन-प्रतिदिन गर्म होता जा रहा है। भिवानी का अधिकतम तापमान 44 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दस दिनों में बिजली खपत की बात करें तो करीब 50 हजार यूनिट प्रतिदिन की खपत बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शहर के हांसी रोड स्थित पुराना बिजली घर के 10/16 एमवीए, 20/25 और 40/50 एमवीए ट्रांसफामरों को गर्मी में ठंडा करने के लिए कूलरों का सहारा लिया जा रहा है। ये कूलर चौबीसों घंटे ट्रांसफार्मरों को ठंडक देकर उन्हें लगातार चलने लायक तापमान तक बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।