हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के सब्र का बांध अब पूरी तरह टूट चुका है। जिला भिवानी के नागरिक अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न केंद्रों में कार्यरत कई कर्मचारियों को पिछले कई महीनों का वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस घोर प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ हरियाणा स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ ने अब सीधे तौर पर जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन की एक गेट मीटिंग मंगलवार को स्थानीय नागरिक अस्पताल में संपन्न हुई। गेट मीटिंग की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान दीपक तंवर ने की तथा आगामी रणनीति तैयार की। इस मौके पर हरियाणा स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन के प्रधान दीपक तंवर ने कहा कि जिला भिवानी में एचआरएन के तहत काम करने वाले कई कर्मचारियों को पिछले तीन महीने (अक्टूबर, नवम्बर, दिसम्बर और जनवरी) का वेतन की एक पाई भी नसीब नहीं हुई है।