- संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव शनिवार को पहली बार भिवानी पहुंची और अनेक कार्यक्रमों में शिरकत की। पत्रकारों से पहली वार्ता में ही मंत्री आरती राव सवालों से बचती नजर आई, लेकिन एक सवाल का गहरा जवाब दे गई कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल का किसी भी सूरत में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल बोर्ड में समायोजन नहीं होगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव पहले जिला के गांव बीरण में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची और इसके बाद महम रोड स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी सेंटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री आरती राव को विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण भी किया। मंत्री आरती राव पत्रकारों के सवालों को टालती नजर आयी और किसी भी सवाल का ठोस जवाब नहीं दिया। जब उससे पूछा गया कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल को पंडित नेकी राम शर्मा मेडिकल कॉलेज में समायोजित करने की चर्चाएं हैं, तो उन्होंने कहा कि यह हरगिज नहीं होगा। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की कमी है, इसलिए कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर वहां भेजे हुए हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे। लेकिन जब उन्हें बताया गया कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल की ओपीडी पिछले दो साल से बंद है तो वो हैरान रह गई। और बोली कि इस बारे में वे चंडीगढ़ पहुंचकर संज्ञान लेंगी। जब उनसे पूछा गया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री भिवानी व कोरियावास, (महेंद्रगढ़) के मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करने वाले हैं, तो उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि हरियाणा में एक साथ दो मेडिकल कॉलेज विधिवत चालू हो जाएंगे।