संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शनिवार को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी। निर्धारित समय से पहले ही सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए और दस्तावेजों की जांच व तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी को केंद्रों में प्रवेश दे दिया गया। दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने परीक्षा को लेकर बनाए गए कंट्रोल रूप का निरीक्षण किया। जहां सभी व्यवस्थाएं नियमित संचालित मिली। जिले में आयोजित इस परीक्षा में कुल 4096 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 3 बजे से शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि केंद्रों के अंदर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की पहचान पत्र, एडमिट कार्ड और बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी गई और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए।