लोहारू नगरपालिका कार्यालय में एरिया सभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का वेरिफिकेशन करना रहा, ताकि योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। बैठक के दौरान दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, बुढ़ापा पेंशन योजना एवं विधवा पेंशन योजना से जुड़े लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही वेरिफिकेशन किया गया। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बताया कि वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है। एरिया सभा बैठक की अध्यक्षता लोहारू नगरपालिका चेयरमेन प्रदीप बंटी तायल एवं नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर द्वारा की गई। बैठक में चेयरमेन प्रदीप बंटी तायल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, इसके लिए एरिया सभा एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, बुढ़ापा पेंशन एवं विधवा पेंशन जैसी योजनाएं गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र वर्ग के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और इनका सही वेरिफिकेशन होना बेहद जरूरी है। नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर ने बताया कि जिन वार्डों में कोरम पूरा नहीं हो पाया है, उन वार्डों की एरिया सभा की बैठक 28 जनवरी को पुन आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में भी संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। बैठक में नगरपालिका उप चेयरमेन प्रतिनिधि धनपत सैनी, राकेश श्योराण, कृष्ण सैनी (जेई), मंजू, लक्ष्मण, सुरेंद्र उपस्थित रहे।