अंबाला। टांगरी नदी में अचानक 25 हजार क्यूसेक पानी आने से अंबाला कैंट की तटीय कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गलियों और घरों में पानी घुसता देख लोगों का सब्र टूट गया, जिसके बाद आक्रोशित निवासियों ने टांगरी बांध रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने सड़क के बीचों-बीच धरना दिया, जिससे एसडीएम और नगर परिषद के ईओ की गाड़ियां करीब आधे घंटे तक फंसी रहीं। प्रशासन और स्थानीय पार्षद हरमिंदर सिंह हीरा के बीच-बचाव के बाद जाम खोला जा सका। इस दौरान लोग काफी आक्रोशित नजर आए। टांगरी की जद में आने वाली करीब 40 कॉलोनियों के निवासियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने नदी को दोनों तरफ से गहरा करने की गुहार लगाई थी, लेकिन प्रशासन ने दूसरी तरफ स्थित वैध कॉलोनियों (प्रभूप्रेमपुरा, ब्राह्मण माजरा और करधान) को बचाने के लिए केवल उधर ही खुदाई की। इसका खामियाजा आज 20 हजार से अधिक गरीब आबादी को भुगतना पड़ रहा है। लोग अपना सामान लेकर छतों और बांध पर शरण लेने को मजबूर हैं।