फतेहाबाद डिपो के परिचालक कृष्ण कुंडू पर जानलेवा हमला कर मारपीट करने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध कर्मचारियों ने रोडवेज वर्कशाप में विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर सुबह दस बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक किया गया। इस दौरान कुछ लोकल रूट प्रभावित रहे। वहीं कुछ रूटाें पर चालक परिचालक बसों को लेकर देरी से निकले। भारतीय मजदूर संघ के प्रधान रविंद्र राणा ने बताया कि दो दिन पहले हरियाणा राज्य परिवहन फतेहाबाद डिपो की बस हरिद्वार से फतेहाबाद जा रही थी। जब यह बस हिसार बस अड्डे पर पहुंची तो सवारियों के साथ कुछ लड़के भी बस में बैठ गए। इसके बाद परिचालक ने एक युवक को टिकट लेने को कहा तो युवक झगड़ा करने लगा। इस युवक ने साथियों को बुलाकर परिचालक पर हमला कर दिया था। इसी प्रकार 15 मई को भी जीरकपुर में चंडीगढ़ डिपो के चालक अमित व परिचालक हिम्मत पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपियों की अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया। इन्ही दोनों मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया।