उत्तर प्रदेश से आकर अंबाला में देसी पिस्तौल यानी कट्टे बेचने वाले सप्लायर को सीआईए-1 की टीम ने काबू किया है। मंगलई गांव के पास फ्लाईओवर पर 17 अप्रैल को दाबिश देकर टीम ने आरोपी से 5 देसी पिस्तौल यानी कट्टे व 2 रौंद बरामद किए। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर के गैबलीपुर गांव निवासी जैद के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि वह महेश नगर पूजा विहार में अपने किसी भाई के पास रहता था। आरोपी को शुक्रवार कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर हरजिंद्र ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से पता लगाया जाएगा कि आखिर वो कहां से अवैध हथियार लाता था और किस-किस को सप्लाई करता था। बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जैद देसी पिस्तौल यानी कट्टे बेचने का काम करता है। वह बेचने के लिए मंगलई गांव के पास फ्लाईओवर के नीचे हथियारों की सप्लाई करने के लिए खड़ा हुआ है। टीम गठित कर आरोपी को काबू किया था। बैग में से दो देशी पिस्तौल 12 बोर और तीन 315 बोर के मिले। महेश नगर थाने में आरोपी के खिलाफ ऑर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।