बराड़ा में सीजन की पहली अच्छी बारिश ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। बारिश से न केवल सड़कों पर जलभराव हो गया, बल्कि अनाज मंडी में भी किसानों की मक्का की फसल बरसाती पानी में बह गई और किसान अपने हाथों से मक्का के दाने चुगने पर मजबूर हो गए। बारिश के कारण किसानों पर मार पड़ी। वहीं, पुलिस चौकी बराड़ा में भी जलभराव हो गया। वहीं, नगरपालिका प्रशासन की ओर से कस्बा में नालों की सफाई के दावे किए गए थे, लेकिन पहली बारिश ने ही दावों की पोल खोल दी। बारिश से मुख्य रोड के दोनों तरफ भी जलभराव हो गया। वहीं, पुलिस चौकी में जलभराव होने के साथ ही छत टपकने से भी पुलिस कर्मचारियों को परेशानी रही। मौसम विभाग की ओर से रविवार को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ ही तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। 26 जून तक बारिश होने की संभावना है। अंबाला के साथ ही नारायणगढ़ और बराड़ा में ज्यादा बारिश हो सकती है।