अंबाला सिटी के तीन परीक्षा केंद्र पर मिशन बुनियाद लेवल टू की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर सुबह 10 बजे से ही केंद्र पर विद्यार्थी पहुंचना शुरू हो गए थे। इसके उपरांत सुबह 11:30 से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा करवाई गई। परीक्षा को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन में निरीक्षण किया। उनके साथ जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज भी मौजूद रहे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि जिले में तीन केंद्र राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन, बराड़ा, नारायणगढ़ में सफलतापूर्वक परीक्षा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि 1068 में से 1029 बच्चों ने परीक्षा दी। वहीं, सुबह परीक्षा के लिए सभी केंद्र पर प्रश्न पत्र बंद लिफाफे में पहुंचे। इनको स्कूल प्रधानाचार्य की देखरेख में खोला गया। परीक्षा के साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने स्कूल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शिकायत पेटी भी खुलवाकर देखी।