हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया है लेकिन जिस दिन से सीजफायर हुआ है, उसी दिन से जुबानी गोलाबारी हो रही है। इससे हमारी सेनाएं भी आहत हैं और लोग भी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार को अंबाला छावनी के सदर बाजार में अपने टी-ग्रुप के साथ प्रधानमंत्री की मन-की-बात कार्यक्रम सुनने के उपरांत मीडिया कर्मियों को यह जानकारी दी। मंत्री अनिल विज ने कहा ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने के लिए सेना ने कार्रवाई की थी क्योंकि प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दी थी। ये भी पहली बार देश में ऐसा हुआ कि ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सेना के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए सवाल खड़ा किया कि विपक्ष के जो लोग इस बात पर एतराज कर रहे हैं। इसका मतलब वे हमारी देश की सेना पर विश्वास नहीं करते। विज ने कहा कि सेना के अधिकारी जो कह रहे हैं वो ठीक कह रहे हैं और इसका बेमतलब राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।