अमृतसर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। पंजाब जीआरपी से जैसे ही सूचना आरपीएफ कंट्रोल रूम में मिली तो सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई। ट्रेन के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही सुरक्षा कर्मचारियों ने घेरा बना लिया। लगभग एक घंटे तक ट्रेन की जांच करने के बाद इसे नई दिल्ली की तरफ रवाना कर दिया गया। आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह लगभग आठ बजे सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12014 अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी में बम रखा हुआ है। सूचना मिलने पर बम व डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान जीआरपी के कमांडो दस्ता भी तैनात रहा। ट्रेन लगभग 8.28 पर अंबाला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर पहुंची। सभी सुरक्षा कर्मचारी ट्रेन के 18 कोच में सवार हो गए और बारी-बारी से सभी यात्रियों को प्लेटफार्म पर उतार दिया। लगभग एक घंटे तक प्रत्येक कोच व सामान की बारिकी से जांच की गई। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। लगभग एक घंटे बाद सुबह 9.32 पर ट्रेन को नई दिल्ली की तरफ रवाना किया गया। इस दौरान मौके पर आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। ट्रेन के रवाना होते ही सभी ने राहत की सांस ली। इसके अलावा वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त ने स्टेशन की सुरक्षा व ट्रेनों में जांच के लिए भी जरूरी निर्देश दिए।