कर्बानपुर गांव की साढ़े 10 एकड़ कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासन पर सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को प्रशासन यहां पर कब्जा लेने गया था कि तभी भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के नेता भी पहुंच गया। उन्होंने विरोध किया तो पुलिस ने टकराव के दौरान करीब 10 किसानों को हिरासत में ले लिया है और तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर अंबाला सिटी सेक्टर 9 थाने ले आए। पुलिस की कार्रवाई के बाद किसान भड़क गए। किसानों को हिरासत में रखने के विरोध में भारी संख्या में किसान सेक्टर-9 स्थित अंबाला सिटी पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन से तेजवीर सिंह ने बताया कि जब तक उनके गिरफ्तार साथियों को छोड़ा नहीं जाता और जब्त ट्रैक्टरों को नहीं छोड़ा जाता, तब तक उनका यह धरना-प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा। शाम को छह बजे पुलिस ट्रेक्टर छोड़ने को तैयार हो गई मगर किसान इस बात पर अड़ गए कि उनके मोबाइल भी दिए जाएं जोकि पुलिस द्वारा वीडियो बनाने पर छीन लिए गए थे।