चंडीगढ़ के बाद अंबाला में प्रदेश में सबसे ज्यादा 91 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश होने से शहर के मॉडल टाउन, कपड़ा मार्केट, जैन कॉलेज रोड, प्रेम नगर, नदी मोहल्ला, कलाल माजरी, सेक्टर-9 समेत कई रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया। यह बारिश सुबह 8.30 बजे तक रिकॉर्ड हुई। इसके बाद भी सुबह 9.30 बजे तक रूक-रूककर बारिश होती रही। बारिश होने से शहर के ज्यादातर बाजार सुबह 10.30 बजे तक भी बंद रहे। शहर की माॅडल टाउन पुलिस चौकी में भी जलभराव हो गया। पुरानी दिल्ली रोड पर प्रेम नगर से जंडली तक ज्यादा जलभराव हो गया। यहां आवाजाही में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग वाहन बंद होने से धक्का भी मारते नजर आए। वहीं, बारिश के कारण छावनी के सदर बाजार में सब पोस्ट ऑफिस के बाहर दुकान का छज्जा गिर गया। इसके साथ ही माया वाला चौक, महेश नगर, गोबिंद नगर, रामनगर, बब्याल रोड, दयाल बाग, बीडी फ्लोर में जलभराव हो गया। नारायणगढ़ व बराड़ा क्षेत्र में भी रूक-रूककर बारिश होती रही। वहीं, बारिश होने से धान रोपाई कार्य भी तेज हो गई। मौसम विभाग ने 29 जून से 1 जुलाई तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।