महेश नगर स्थित टांगरी बांध पर साकेत अस्पताल के निकट शनिवार सुबह तेजा मोहड़ी गांव निवासी विजय पर चाकू से हमला हो गया। साथी दोस्त ने ही आपसी कहासुनी को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। तैश में आकर चाकू से एक जांघ तो दूसरा पेट में वार किया। खून से लथपथ हालत में छोड़कर हमलावर फरार हो गया। राहगीरों ने डायल-112 की मदद से उपचार के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल में घायल को दाखिल करवाया, जहां वह उपचाराधीन है। महेश नगर थाना पुलिस ने घायल विजय के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घायल विजय ने बताया कि वह मजदूरी करता है। शनिवार को सुबह वह सामान लेने के लिए टांगरी बांध पर आया था। तभी एक जानकार युवक मिल गया। अभी वह उससे बात ही कर रहा था कि झगड़ा शुरू कर दिया। पहले हाथापाई करने लगा। देखते ही देखते हाथ में पकड़े चाकू से दो जगह पर वार कर दिए। जाते हुए आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि घायल के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।