दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को दो अलग-अलग मामलों को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। पहला मामला कैंपस में विकास कार्यों के नाम पर कई हरे-भरे पेड़ों को काटे जाने का है। छात्रों का आरोप है कि बिना अनुमति बड़े पैमाने पर पेड़ काटे गए, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। दूसरा मामला विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस से जुड़ा है, जहां छात्रों को परोसे गए खाने में कीड़ा मिला। छात्रों ने दोनों मामलों की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने का आश्वासन दिया है।