दीपावली के अगले दिन सोमवार को बलिदानियों की याद में गोरखनाथ मंदिर रोशनी से नहा उठा। यूं लगा मानो दीपकों की लौ देश के लिए प्राणों को न्योछावर कर देने वाले बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रही हो। मंदिर के भीम सरोवर क्षेत्र में पहले दीपक को मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने प्रज्ज्वलित किया और इसके बाद मुक्ताकाशी मंच पर बलिदानियों के चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।