नई दिल्ली के साकेत कोर्ट ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड में 20 जुलाई को तय सुनवाई की तारीख रद्द कर दी है। यह फैसला आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की एमए की परीक्षा को देखते हुए लिया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी की अदालत ने अपने आदेश में कहा कि अब मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों की रिकॉर्डिंग 21 जुलाई से दोपहर दो बजे शुरू होगी। इसके बाद पहले से तय अन्य तारीखों पर भी सुनवाई जारी रहेगी। आफताब ने अदालत में आवेदन देकर बताया था कि उसकी एमए की अंतिम परीक्षा 20 जुलाई को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक तिहाड़ जेल परिसर स्थित इग्नू परीक्षा केंद्र में है। उसने परीक्षा की डेटशीट भी अदालत में पेश की थी।