हरियाणा के नूंह जिले में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। जहां पिछले कुछ दिनों में कई भीषण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, वहीं गुरुवार देर शाम एक और हृदयविदारक हादसा सामने आया। तावड़ू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छारोडा बस स्टैंड के निकट सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दंपती में से पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।