सावन माह के पहले सोमवार को नूंह जिले के तीन पांडवकालीन मंदिरों पर जलाभिषेक करने के लिए उद्देश्य से ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के सफल संचालन और सुरक्षा की दृष्टि से हर पहलू से इंतजाम करते हुए सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरी कर ली है। इस यात्रा में प्रदेश सरकार के मंत्री और कई विधायकों के शामिल होने की संभावनाएं है। वहीं, दोनों समुदायों में यात्रा के कारण किसी प्रकार का विद्वेष न पैदा हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने जल-थल और नभ से निगरानी रखने तथा चाहकर भी कोई गलत हरकत न कर सके ऐसे इंतजाम किए हैं। इन इंतजामों का जायजा लेने रविवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार, रेवाड़ी रेंज की आईजी नाजनीन भसीन ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार ने कहा कि ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सिविल व पुलिस प्रशासन के अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। वहीं, एसपी और उपायुक्त ने रविवार को तीनों मंदिरों तथा यात्रा रुट का मुआयना किया और संबंधित अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए। इसी कार्रवाई में फिरोजपुर झिरका व पुनहाना में सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया। मीट व मांस की दुकानें बंद करने के आदेश दिए गए तथा जिले में पैट्रोल व डीजल की खुली बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं यातायात सुचारु करने के लिए हैवी वाहनों के रुट डायवर्ट कर दिए गए है। पुलिस के करीब 2500 जवान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।