समाजवादी पार्टी की महिला सभा के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मतदाता सूची में गड़बड़ी और विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में कलेक्ट्रेट पर केंद्र सरकार व भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रपति के नाम एडीएम को ज्ञापन देकर आयोग के दोषी अफसरों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही 18000 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से नहीं काटने की मांग भी की है। जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर वोटों की चोरी कर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रही है। पूरे देश की मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है। उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूची से पिछड़ी जातियों के मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में काटे गए थे। इसकी शिकायत पाटी्र ने शपथ पत्र के साथ भारतीय चुनाव आयोग से लिखित में की थी, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की गई। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में नाम काटने को लेकर पार्टी ने 18 हजार शपथ पत्र के साथ शिकायत की थी। भाजपा सरकार एक का भी जवाब सही तरीके से नहीं दे सकी। जांच की जाएगी तो सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी। महिला सभा की जिलाध्यक्ष डॉ शशि यादव ने कहा कि राष्ट्रपति से मांग की है कि 18000 मतदाताओं नाम काटने वाले अफसरों पर कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में कोई वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं काट सके। इस मौके पर डा महेंद्र नागर, बीर सिंह यादव, इन्दर प्रधान, सुनील देवटा, सुनीता यादव, अंजलि श्रीवास्तव, अनीता चौहान, महेश भाटी, रोहित, अक्षय चौधरी, नवीन भाटी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहें।