दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा सेक्टर डेल्टा दो में फैली गंदगी को साफ करन का जिम्मा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने उठाया है। पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से सफाई व्यवस्था को सही कराने के लिए मांग की गई, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया। अब निवासियों के साथ मिलकर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने सफाई का जिम्मा खुद संभाल लिया है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्चे से संसाधन जुटाकर पूरे सेक्टर में सफाई अभियान चलाया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बॉबी भाटी और महासचिव आलोक नागर ने बताया कि सेक्टर की स्वच्छता को लेकर आरडब्ल्यूए ने खुद जिम्मेदारी ली है। दिवाली जैसे पवित्र पर्व पर स्वच्छता सबसे बड़ी सेवा है। हमारा प्रयास है कि हर ब्लॉक में साफ-सफाई सुनिश्चित हो और निवासी भी इस मुहिम का हिस्सा बनें। स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा है, और इस अभियान का उद्देश्य हर निवासी को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर रामवीर चौधरी, रिंकू भाटी, अनिल भाटी, सुनीता चौधरी आदि मौजूद रहे।