ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुण मंत्रा दो के निवासियों ने शनिवार को नोएडा स्थित बिल्डर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। गंगा और गायत्री टावर के 50 से अधिक खरीदारों ने बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि अब बहानेबाजी नहीं चलेगी। तारीख पर तारीख देने के बाद भी निवासियों की रजिस्ट्री की प्रकिया शुरु नहीं हो पाई है। कई सालों से निवासियों को अपने घर का इंतजार है। निवासी शशांक ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय ग्रेटर नोएडा में महागुण मंत्रा 2 प्रोजेक्ट की रजिस्ट्री में देरी के संबंध में बैठक हुई थी। अधिकारियों ने बिल्डर को स्पष्ट रूप से 15 दिनों के भीतर प्राधिकरण का बकाया चुकाने और महागुन मंत्रा 2 की रजिस्ट्री शुरू करने का आदेश दिया था। उसके बाद भी अब तक कुछ नहीं हुआ है। केवल भरोसे पर भरोसा दिया जा रहा है। निवासियों ने कहा कि यदि जल्द से जल्द रजिस्ट्री की शुरुआत नहीं हुई तो सोसाइटी के लोग बच्चों और महिलाओं के साथ बिल्डर के कार्यालय के बाहर ही बैठ जाएंगे।