यमुना सिटी क्षेत्र स्थित गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में बिजली और पानी की गंभीर समस्या को लेकर निवासियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मेंटेनेंस ऑफिस के बेसमेंट के बाहर 16वें पार्क व्यू में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया साथ ही मुर्दाबाद के भी नारे लगाए। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लंबे समय से बिजली की लगातार समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी के चलते इस शनिवार को एक संगठित विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। लगभग 2 वर्ष पहले भीषण गर्मी के दौरान भी इसी तरह का धरना दिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप मात्र 24 घंटे के भीतर 550 केवीए का डीजी सेट उपलब्ध कराया गया था। अब एक बार फिर वही स्थिति उत्पन्न हो गई है, और लोग 33 केवीए लाइन तथा नई केबल डालने की मांग को मजबूती से उठा रहे हैं। सोसाइटी के निवासियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। गर्मी के इस मौसम में बिजली और पानी की कमी से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अतुल चौधरी, अभिषेक, अतुल कुमार, श्रवन अवाना, विजय पाल सिंह, मोहिंदर अहुजा, मनोज प्रधान, दीपक, कैलाश और संदीप कुमार सहित कई निवासी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।