ग्रेटर नोएडा सोसाइटी को जोड़ने वाली सड़क के उखाड़ जाने के कारण निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालों की सफाई नहीं होने के कारण सड़कों पर सीवर का गंदा पानी बहता रहता है। सोसाइटी के बाहर फैली गंदगी के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। इन सभी मुद्दों को गौड़ सिटी दो स्थित 11 एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को अमर उजाला संवाद में उठाया। निवासियों ने बताया कि वह बिल्डर और प्राधिकरण के समन्वय नहीं होने के करना पिस रहे हैं। उनका आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से जब सड़क बनवाने की मांग की जाती है तो उन्हें जवाब दिया जाता है कि गौड़ सिटी दो की सड़क बिल्डर की ओर से बनवाई जाएगी। जब बिल्डर से मांग की जाती है तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिलता है। सड़क खराब होने के कारण आए दिन सोसाइटी के बाहर कोई न कोई घायल हो रहा है। उखड़ी सड़क पर गिट्टी के कारण कई बार लोगों को गंभीर चोटे भी लग चुकी है। उसके बाद भी कोई कदम नहीं उठाएं जा रहे हैं। निवासियों ने बताया कि पुलिस बूथ बना दिया गया है, लेकिन आज तक उसमें किसी को कोई भी पुलिसकर्मी नहीं दिखाई दिया है। अतिक्रमण के कारण निवासियों को घरों में पहुंचने में एक से दो घंटा लग जाता है। हर तरफ केवल जाम ही जाम दिखाई देता है।