नोएडा सेक्टर-49 स्थित द एसडी विद्या स्कूल में बुधवार को गौतमबुद्ध नगर जिला इंटर-स्कूल शतरंज चैम्पियनशिप का दूसरा और अंतिम दिन संपन्न हुआ। गौतमबुद्ध नगर जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के अनेक विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द एसडी विद्या स्कूल की प्रिंसिपल ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शतरंज खेल विद्यार्थियों में धैर्य, तर्कशक्ति और निर्णय क्षमता का विकास करता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ता है। इस दौरान अंडर-15 बालक वर्ग में ज्ञानश्री स्कूल के गोरांश गोयल ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में जाहन्वी गुप्ता, इनाया कुकरेजा, पारोमिता बरुआ विजेता बने, जबकि ज्ञानश्री स्कूल के आरुष कनोत्रा, गर्व पंत, जेनेसिस ग्लोबल स्कूल के रेहान मैथ्यूज और एरेन गौतम शीर्ष स्थानों पर रहे। साथ ही बालिका वर्ग में कैंब्रिज स्कूल नोएडा की पारोमिता बरुआ ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंत में कुल अंकों के आधार पर ज्ञानश्री स्कूल, इंडस वैली पब्लिक स्कूल और जेपी पब्लिक स्कूल शीर्ष तीन स्कूलों में रहे, जबकि बालिका वर्ग में पैसिफिक वर्ल्ड स्कूल और ज्ञानश्री स्कूल अग्रणी रहीं।