कला के क्षेत्र मे कलांतर आर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित वार्षिक कला उत्सव का आरम्भ आगामी 28 जुलाई से होगा। शुक्रवार को नोएडा मीडिया क्लब में कलांतर आर्ट फाउंडेशन अध्यक्ष विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष कुल नौ विधाओं में राष्ट्रीय स्तर पर कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से संस्था देश भर में छिपी हुई कला प्रतिभा को सामने लाने के लिए वार्षिक कला उत्सव आयोजित करती आ रही है। आधुनिक युवा वर्ग को कला से जोड़ने के लिए जहां एक ओर डिजिटल आर्ट की विधा को शामिल किया गया है। वहीं, वेद, पुराण और सनातन संस्कृति को सामने लाने के लिए संस्कृत श्लोक पाठ को शामिल किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में देशभर की सरकारी, गैर-सरकारी स्कूल, कॉलेज के साथ ही देश भर के बंदीगृह, बाल सुधार गृह, नारी बंदी निकेतन, महिला आश्रम, वृद्धाश्रम, अनाथालय, एनजीओ के स्कूल आदि से भी प्रविष्टियां आमंत्रित की गयी हैं। इसके अतिरिक्त संस्कृति मंत्रालय की ओर से भी सभी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र को प्रतिभागिता के लिए पत्र भेजा गया है। संस्था की निदेशक पूजा श्रीवास्तव ने बताया कि सभी प्रतियोगितायें ऑनलाइन माध्यम से करवाई जा रही हैं। कुछ प्रतियोगिताएं १एक चरण में होंगी और कुछ प्रतियोगिताएं तीन चरण में होंगी। पूजा ने यह भी बताया कि प्रविष्टियां लेने से ले कर ज्यूरी द्वारा अंक देने की प्रक्रिया, पूरा सिस्टम ऑनलाइन स्वचालित बनाया गया है जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है।