एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित 26वें अंतरराष्ट्रीय बिजनेस क्षितिज ‘इनबश एरा-2026’ के दूसरे दिन महिला नेतृत्व एवं कल्याण पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को सार्वजनिक सुरक्षा एवं सुशासन में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘एमिटी एक्सलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पूजा चौहान, शुभ्रस्था, डॉ. पिंकी आनंद, अर्चना कपूर और डॉ. गुरिंदर सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिला विशेषज्ञों ने भाग लेकर नेतृत्व, वित्तीय सशक्तिकरण और नीति-निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने युवाओं से चुनौतियों का सामना करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सार्थक बदलाव लाने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान मीडिया, कॉर्पोरेट और एविएशन क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों को भी एमिटी एक्सलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। आयोजन में छात्रों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही।