बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। सेंट्रल जोन में नौ प्रमुख ईदगाहों के अलावा कई छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख स्थानों पर चेक प्वाइंट बनाकर वाहनों व लोगों की चेकिंग की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी खुद पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी पुलिस की विशेष नजर है। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। लोगों से अपील की है कि वह त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ शांति पूर्वक मनाएं और किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस का सहयोग करें।