महिला शक्ति उत्थान मंडल के पदाधिकारी बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर भीख मांग कर विरोध जताने के लिए पहुंचे। विरोध की जानकारी होने पर अधिकारियों ने पदाधिकारियों को मिलने के लिए बुलाया। सदस्य रूपा गुप्ता ने बताया कि हम लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि निर्धन और बिन मां बाप की बच्चियों के विवाह में सामुदायिक भवन निशुल्क में दिया जाए। 2013 में हमारी मांग मानी गई और 10 प्रतिशत पर हमें सामुदायिक भवन उपलब्ध कराया गया,लेकिन 2019 में अचानक ही पूरा शुल्क देना होगा ऐसा नियम बना दिया। हम लोग 2019 से बराबर ये मांग करते रहे। कोई नतीज़ा नहीं निकला है। तब आज हमें यह तरीका अपनाना पड़ा। सीईओ शहर से बाहर थे तो गिरीश झा से बात हुई है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सीईओ के आते ही एक बैठक कराई जाएगी। सामुदायिक भवन पूर्णत निशुल्क हो। इसके लिए इस प्रस्ताव को बोर्ड मीटिंग में रखा जाएगा। यदि हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम प्रदेश के मुखिया के दरबार में गुहार लगाएंगे। इस मौके पर शांति त्रिपाठी, सुशीला गड़ोदिया, मंजू सिरोही,महेश अग्रवाल, गुड्डी वर्मा,नीरा डांगुर,अंजू पुंडीर,गीता मिश्रा, ज्योति सिंह, संतोष,रेखा नागर, रूपा गुप्ता,हरीश कसाना,आलोक नागर आदि ने दान लेने व देने में सहयोग किया।