इस वीकेंड नोएडा में खिली धूप में खिले गुलदाउदी के फूलों को देखने व खाने-पीने का मौका मिलेगा। नोएडा प्राधिकरण 14 और 15 दिसंबर को गुलदाउदी शो शिवालिक पार्क सेक्टर-33 ए में कराने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा, यमुना, एमसीडी, एनडीएमसी समेत अन्य सरकारी व निजी संस्थानों को इस शो को आमंत्रित किया गया। एकल श्रेणी में भी घरेलू प्रदर्शक भी आएंगे। आम लोगों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। शो में 12 तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। यह जानकारी नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने दी। एसीईओ ने बताया कि नर्सरी भी स्टाल लगाएंगी। पूरा शो गुलदाउदी फूलों का होगा। उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि इस शो में 20 स्कूलों को भी भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।